बिजली कटौती से ग्रामीण बेहाल, किसानों पर भी दोहरी मार

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चंद डाड) जीवाखेड़ा ग्रिड से जुड़े गांवों में अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चांदगढ़, जीवाखेड़ा और दोवनी में रात के समय भी बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान हैं।

दोवनी निवासी शंभू लाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि रामनगर से आने वाली 33KV मुख्य विद्युत लाइन पर रोजाना करीब 1 से डेढ़ घंटे की कटौती के साथ अचानक ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। रात के समय भी कई बार बिजली बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश की कमी के चलते किसान ट्यूबवेल चलाकर फसलों की सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन बिजली के बार-बार आने-जाने से मोटर जलने का खतरा बना हुआ है। वहीं पेयजल व्यवस्था, कृषि कार्य और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का सवाल है  बार-बार बिजली कटौती आखिर क्यों की जा रही है   जिम्मेदार अधिकारी कब गंभीर होंगे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता एवं उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर जीवाखेड़ा ग्रिड और रामनगर 33KV लाइन की ट्रिपिंग व कटौती की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की परेशानी पर विभाग कब जागता है।